April 26, 2024

मॉडल ने लगाई फांसी पति गिरफ्तार

Alive News/नई दिल्ली 28 मार्च : दक्षिणी दिल्ली के पॉश इलाके में शादी के एक माह बाद ही 25 साल की एक मॉडल ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। लड़की के परिवार वालों द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह डिफेंस कॉलोनी स्थित एक बंद फ्लैट में नितिन चावला की पत्नी प्रियंका कपूर फांसी के फंदे से लटकी मिली थीं।

प्रियंका के फोन न उठाने पर परिवारवालों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने पाया कि फ्लैट अंदर से बंद है। बाद में पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने रात में फांसी लगाई।

प्रियंका की बहन डिंपी ने अपनी शिकायत में नितिन चावला पर आरोप लगाया है कि वह उनकी बहन को दहेज के लिए मारते और प्रताड़ित करते थे। इसी तरह के आरोप दो पेज के सुसाइड नोट में भी हैं, जिसे पुलिस ने फ्लैट से बरामद किया है।

नितिन चावला के दिल्ली में कई पब्स हैं और इसके अलावा उनकी एक स्टील फर्म है। प्रियंका कपूर एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाती थीं और वह नितिन चावला की दूसरी पत्नी थीं। वे दोनों पिछले अप्रैल में मिले थे। परिवार वालों ने बताया कि नितिन चावला ने अपनी पहली पत्नी को तलाक देने के बाद प्रियंका से शादी की थी। इस दंपति ने फरवरी में शादी के बाद डिफेंस कॉलोनी में शिफ्ट किया था।