April 27, 2024

नगर निगम ने शहर को शौचमुक्त करने के लिए लोगो को किया जागरूक

Faridabad/Alive News : भारत सरकार शहरी विकास मंत्रालय के द्वारा जनवरी 2017 माह में किये जाने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में फरीदाबाद शहर को देश के टोप टेन शहरों में शुमार करवाने के लिए फरीदाबाद नगर निगम ने पूरा जोर लगा दिया है। पूरे निगम क्षेत्र को खुले में शौच मुक्त करने के लिए नगर निगम के सफाई निरीक्षक, सहायक सफाई निरीक्षकों और सफाई दरोगा की 29 टीमों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत आज प्रातः 5 बजे से लेकर सायं 8 बजे तक जागरूकता अभियान चलाया।

स्वच्छ फरीदाबाद मिशन के नगर निगम के नोडल अधिकारी अनिल महता ने आज यहां बताया कि निग्मायुक्त सोनल गोयल के निर्देश पर चलाए गए इस जागरूकता अभियान के तहत खुले में शौच करते पाये नागरिकों को खुले में शौच के दुष्परिणामों से अवगत करवाते हुए सार्वजनिक शौचालय का प्रयोग करने या फिर अपने-अपने घरों में नगर निगम के द्वारा दी जा रही आर्थिक सहायता से शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

उन्होंने बताया कि केन्द्र व राज्य सरकार पूरे देश व प्रदेश को खुले क्षेत्र को शौचमुक्त करने के लिए कटिबद्ध है और फरीदाबाद नगर निगम प्रशासन भी सरकार को इस मिशन को पूरी निष्ठा व मेहनत से सफल करने के लिए जी जान से जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि जो नागरिक अपने घरों में शौचालय का निर्माण करना चाहते हैं निगम के द्वारा उन्हें 14000 रूपये की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। महता के अनुसार अब तक 5351 लोगों ने सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में शौचालय का निर्माण कर लिया है।