April 26, 2024

9 अगस्त को नगरपालिका कर्मचारी संघ सरकार के खिलाफ करेगा महारैली

Faridabad/Alive News : हरियाणा सरकार की बेरूखी एवं उदासीन रवैये से नाराज नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा पालिका, परिषदों व निगमों में चल रहे आन्दोलन को और तेज करने तथा केन्द्र व राज्य सरकार के खिलाफ 9 अगस्त की करनाल में होने वाली कर्मचारी मजदूर महारैली व दो सितम्बर की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के लिए कल सोनीपत में केन्द्रीय कमेटी की बैठक आयोजित कर बनेगी रणनीति। प्रैस को यह जानकारी देते हुए नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने दी।

संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, उपाध्यक्ष बृजवती, जयपाल हंस, राज्य सचिव सुनील चिन्डालिया ने बताया कि भाजपा ने विधानसभा चुनावों के दौरान ठेका प्रथा समाप्त करने, कच्चे कर्मियों को पक्का करने, न्यूनतम वेतन 15 हजार रूपए देने, पक्की भर्ती करने का कर्मचारी वर्ग से वायदा किया था, लेकिन सरकार अपने वायदे को पूरा न करके पालिका, परिषदों व निगमों में ठेका प्रथा लागू करने पर आमदा है।

संघ नेताओं ने वर्तमान व पूर्ववर्ती सरकारों पर पालिका, परिषदों व निगमों के आर्थिक ढांचे को अपने राजनैतिक फायदे के लिए कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन संस्थाओं के पास कर्मचारियों को वेतन देने का भी पैसा नहीं है। जिस कारण आये दिन प्रदेश के सफाई कर्मचारियों को वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यदि सरकार ने प्रदेश की पालिकाओं व निगमों में नए आये के साधन स्थापित नहीं किए तो ये संस्थाएं बंद होने जैसी स्थिति में पहुंच सकती है।