April 19, 2024

लापरवाही : अंग्रेजी का पेपर हुआ चोरी, बोर्ड ने किया रद

Kurukshetra/Alive News : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित 9वीं का अंग्रेजी का पेपर चोरी हो गया है। शिक्षा विभाग के खंड शिक्षा अधिकारी थानेसर विनोद कौशिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, शिक्षा बोर्ड ने पेपर को रद कर दिया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी डेटशीट के अनुसार बृहस्पतिवार को 9वीं का अंग्रेजी का पेपर होना था। जिसके लिए प्रदेश भर में खंड शिक्षा कार्यालयों में प्रश्न पत्र भेजे गए थे। इन पेपरों को खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में रखा जाना था। इससे पहले बुधवार को ही मामला उलझ गया। पेपर लीक होने की सूचना के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है। हालांकि कितने पेपर गुम हुए हैं उसका रिकार्ड सामने नहीं आया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार सुबह खंड शिक्षा कार्यालय में प्रश्न पत्र पहुंचे थे, लेकिन खंड शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों ने इसे हलके में लिया। कर्मचारियों ने गाड़ी से प्रश्न पत्र उतारने के लिए साथ में लगते राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुरुक्षेत्र के छात्रों को लगाया था। छात्रों ने ही सभी पेपर उतारे थे। इसी दौरान पेपरों के बंडल फटे मिले। थाना केयूके प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार की ओर से शिकायत आई है। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस प्रश्न पत्रों की गणना कर रही है कि इसमें से पेपर चोरी हुए हैं या फिर किसी कर्मचारी ने फोटोस्टेट कराके लीक किया है।

वहीं दूसरी इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।

एक मार्च को होना था पेपर, उतारते समय फटे मिले बंडल पानीपत
नौवीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर रद कर दिया गया है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय से इस बारे में सभी डीईओ को पत्र जारी कर अवगत करा दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि हरियाणा बोर्ड के स्कूलों में एक मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। प्रशासनिक कारणों से स्थगित किया गया है। नौवीं कक्षा के शेडयूल में कोई फेरबदल नहीं होगा। अंग्रेजी के पेपर के बारे में बाद में सूचना दी जाएगी।।