April 25, 2024

गठबंधन अभी हुआ नही और पोस्टर में साथ नजर आई प्रियंका और डिंपल

UP/Alive News : उत्तर प्रदेश में अभी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के गठबंधन की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन कार्यकर्ता इस गठबंधन को अभी से भुनाने में लग गए हैं. इतना ही नहीं जगह-जगह उत्तर प्रदेश में पोस्टर पर प्रियंका गांधी और डिंपल यादव की एक साथ तस्वीरें देखी जा सकती हैं.

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक नया पोस्टर सामने आया जिसमें प्रियंका गांधी और डिंपल यादव के साथ लोकल उम्मीदवार की पोस्टर पर तस्वीर है. उसमें लिखा गया है कि यूपी में अब बज गया महिला सशक्तिकरण का डंका मोर्चे पर डिंपल भाभी, बहन प्रियंका.

दरअसल समाजवादी पार्टी सरकार पर महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को नहीं खत्म करने का आरोप विरोधी दल लगाते रहे हैं. इसलिए कहीं ना कहीं महिला वोटरों को रिझाने के लिए डिंपल यादव और प्रियंका गांधी के नाम और तस्वीरों का सहारा कार्यकर्ता ले रहे हैं.

समाजवादी पार्टी डिंपल यादव से और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और नेता प्रियंका गांधी से कई बार गुहार लगा चुके हैं कि उन्हें उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टियों के लिए प्रचार करना चाहिए. पहले से ही कई प्रयास किए जा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश में किसी चुनावी रैली में प्रियंका गांधी और डिंपल यादव राहुल गांधी और अखिलेश यादव के साथ नजर आएं.

समाजवादी पार्टी के कई नेता कह चुके हैं कि डिंपल केवल मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी ही नहीं लेकिन समाजवादी पार्टी की सांसद भी हैं. जिसके नाते उन्हें चुनाव में गठबंधन के लिए प्रचार करना चाहिए. जहां तक बात प्रियंका गांधी की है, वहां कई बार उत्तर प्रदेश के कांग्रेसी नेता कह चुके हैं कि प्रियंका गांधी को अब रायबरेली और अमेठी के बाहर भी पार्टी के लिए प्रचार करना चाहिए.