April 20, 2024

32वें दिन भी निगम मुख्यालय पर भ्रष्टाचार विरोधी मंच का धरना जारी

Faridabad/Alive News : इनैलो, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी के बाद अब भारतीय जनता पार्टी के नेता भी फरीदाबाद नगर निगम में व्याप्त महाभ्रष्टाचार की जांच सी.बी.आई. या विशेष जांच दल से करवाने की मांग करने लग गये है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य प्रो. (डा.) आलोकदीप ने राज्य के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को इस सम्बन्ध में एक पत्र लिखा है, जिसकी प्रतियां भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन को भी प्रेषित की गई है। इस मुद्दे पर पिछले 32 दिनों से निगम मुख्यालय पर संघर्षरत भ्रष्टाचार विरोधी मंच ने उक्त भाजपा नेत्री के उक्त पत्र की प्रतियां आज मीडिया को जारी की है।

पहले मुख्य संसदीय सचिव सीमा त्रिखा के सत्याग्रह स्थल पर आकर सत्याग्रहियों की हौसला अफजाई करने से और अब भाजपा की इस नेत्री के खुलकर के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के पक्ष में खड़े होने से सत्याग्रहियों के आंदोलन को काफी मजबूती मिली है। मंच के संयोजक अनशनकारी बाबा रामकेवल, सर्वोच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डा. ब्रहमदत्त पदमश्री ने एक बार पुनः स्पष्ट किया है कि उनका आंदोलन केवल और केवल नगर निगम के भ्रष्टाचार के विरूद्ध है और सतासीन भाजपा सहित कोई भी राजनैतिक दल, जनसंगठन, कर्मचारी संगठन और आम नागरिक फरीदाबाद की 22 लाख आबादी के हित में इसका समर्थन करें, इसमें हिस्सा लें, जिससे भ्रष्टाचार के कारण जनसुविधाओं के अभाव में त्रस्त फरीदाबाद की जनता को राहत मिल सके।

भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य प्रो. (डा.) आलोकदीप ने अपने पत्र में कहा है कि उनकी पार्टी एक राष्ट्रवादी पार्टी है जो पंडित दीन दयाल उपाध्याय के मार्गदर्शन में काम करते हुए भ्रष्टाचारमुक्त भारत का निर्माण अन्तोदय के मार्ग पर चलकर करना चाहती है। अपने पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया है कि वर्ष 1994 में स्थापित की गई नगर निगम का मुख्य उद्देश्य लाल फीताशाही को समाप्त कर जनभागीदारी को बढ़ाना था, लेकिन फरीदाबाद नगर निगम काफी लंबे समय से भ्रष्टाचार से गस्त है और यहां पर अनेकों घोटालों का इतिहास है। उन्होंने पत्र के अंत में पार्टी की एक कर्तव्यनिष्ठ कार्यकर्ता के नाते मुख्यमंत्री में पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए निगम को भ्रष्टाचारमुक्त करने, दोषियों को सजा देने, ईमानदार कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए शीघ्रतम समुचित कार्यवाही करने का अनुरोध भी किया है।

इधर मंच के तत्वाव्धान में सत्याग्रहियों का सत्याग्रह आज लगातार 32 वें दिन भी जारी रहा, जिसके समर्थन में अन्य के इलावा समाज सेवी वरूण श्योकंद, राजेश शर्मा, शाहाबीर खान, धीर सिंह, अजय डागर, सुमेर सिंह, श्रीकृष्ण नरवाल, महेन्द्र सिंह, हरीदत्त, आर.के. भारद्वाज, रामलाल, जयप्रकाश, रामनारायण भाटिया, लेखराम, दयानंद आदि ने भी भाग लिया।