March 29, 2024

23 जनवरी को हरियाणा के सभी जिलों में सुभाष जयंती मनाए जाने का ऐलान

Chandigarh/Alive News : हरियाणा के सभी जिलों में आगामी 23 जनवरी, 2018 को सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर आजाद हिन्द फौज के सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में हरियाणा के मुख्य सचिव कार्यालय द्वारा एक पत्र जारी किया गया है जिसके तहत प्रदेश के सभी जिलों में जिला स्तरीय समारोहों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार के मंत्रियों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भाग लेंगें।

पत्र के अनुसार पंचकूला में हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल गुर्जर, रेवाडी में हरियाणा विधानसभा की उपाध्यक्ष संतोष यादव, झज्जर में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़, अंबाला में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, कुरूक्षेत्र में परिवहन मंत्री कृष्ण पंवार, फरीदाबाद में उद्योग मंत्री विपुल गोयल, करनाल में सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, कैथल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार, फतेहाबाद में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कंबोज, हिसार में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री डा. बनवारी लाल और यमुनानगर में श्रम एवं रोजगार मंत्री नायब सिंह सैनी भाग लेंगें।

इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के शेष मंत्री अपनी इच्छा के अनुसार जिला का चयन कर सकते हैं और संबंधित उपायुक्त को इस बारे में जानकारी दे सकते हैं। पत्र के अनुसार राज्य के सभी मंडलाक्युत और उपायुक्त इस कार्यक्रम हेतू समन्वय स्थापित करेंगें और आवश्यक कार्यवाही करेंगें।