April 19, 2024

महज गाली देने से रोकने पर, ईंट से मार-मारकर की हत्या

Gurugram/Alive News : न्यू कॉलोनी स्थित पेट्रोल पंप के पास गाली देने से मना करने पर दो लोगों ने दो व्यक्तियों पर ईंट से हमला कर दिया। इसमें एक की ईंट से मार-मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल हो गया।

घटना पेट्रोल पंप न्यू कॉलोनी थाने से करीब 300 मीटर दूरी पर हुई। घटना के बाद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। घायल के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) निवासी रवि कुमार ने बताया कि वह लक्ष्मी बाजार में कुणाल चौधरी के मकान में किराए पर रहता है। वह मजदूरी करता है। उसके ताऊ का लड़का 45 वर्षीय सुंदर लाल कृष्णा कॉलोनी क्षेत्र में किराए पर रहता था और वह भी मजदूरी करता था।

बुधवार रात करीब 10 बजे वह सुंदर के घर से उनके साथ तिकोना पार्क होते हुए अपने घर जा रहे थे। जब वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे तो एक युवक एक्टिवा पर खड़ा था, वह उनके पास आया। वह सुंदर के साथ गाली गलौच करने लग रहा था। जिस पर उसने उसे गाली देने से मना किया।

काफी बार मना करने के बाद भी जब वह नहीं माना तो सुंदर ने उसे पलट कर गाली दे दी। इस दौरान युवक का दूसरा साथी आ गया, जिसने उन्हें ईंट उठाकर मारना शुरू कर दिया। ईंट सुंदर के सिर पर लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और बेहोश हो गया।

घायल को भी काफी चोटें लगीं। इस पर उसने शोर मचाया तो यहां से गुजर रहे लोग एकत्र हो गए। जिन्होंने दोनों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। भीड़ एकत्र होती देख दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सुंदर को मृत घोषित कर दिया जबकि रवि का इलाज चल रहा है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया। पुलिस ने घायल के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

न्यू कॉलोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बाबू लाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। मृतक मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला है। दोनों पक्ष एक दूसरे को नहीं जानते हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो पाएगा।