April 27, 2024

शहर की फिजा में घुला देशभक्ति का रंग, शान से लहराया तिरंगा

Faridabad/Alive News : देश का 71वां स्वतंत्रता दिवस जिले में पूरी धूमधाम, हर्षोल्लास व गरिमामयी ढंग से मनाया गया। स्थानीय सैक्टर-12 स्थित खेल परिसर में आयोजित जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा विधानसभा की उपाध्यक्षा सन्तोष यादव ने बतौर मुख्यातिथि पधार कर ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया, मार्च पास्ट की सलामी ली, पुरस्कार वितरण किया और समारोह को सम्बोधित किया। सन्तोष यादव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे देश की एकता, सम्मान और समर्पण का प्रतीक है।

मातृभूमि के लिए बलिदान देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति राष्ट्र अपनी कृतज्ञता प्रकट कर रहा है। भारत के इस गौरवमयी दिवस पर राष्ट्रीय ध्वजारोहण करना हम सभी के लिए बेहद गर्व का विषय है। यह एक संयोग ही है कि करीब 5 हजार 200 वर्षों पूर्व भारत को अखंड भारत-प्रचण्ड भारत बनाने वाले भगवान श्रीकृष्ण का जन्म दिवस जन्माष्टमी भी आज ही है। उन्होंने कहा कि भारत माता के वीर सपूतों ने अपने बलिदान से आज ही के दिन सन् 1947 में आजादी की इबारत लिखी थी जिसकी खुशबू युगों-युगों तक हिन्दुस्तान की माटी से आती रहेगी।

आजादी की इस लड़ाई में प्राण न्यौछावर करने वाले शूरवीरों व सरहदों पर देश के लिए शहादत देने वाले जवानों की कुर्बानी सदैव याद रहेगी। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस, रामप्रसाद बिस्मिल, आश्फाक उल्ला खा, शहीद भगत सिंह, राजगुरू, चन्द्रशेखर आजाद सरीखे सभी देशभक्तों व बलिदानियों को हमारा जनमानस कभी नहीं भुला सकता। देश की प्रगति में सवामी विवेकानन्द, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन-दयाल उपाध्याय, लौहपुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित अनेक देशभक्त कर्मयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि इसी प्रकार हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी सबका साथ-सबका विकास व हरियाणा एक-हरियाणवी एक के सिद्धांत से प्रदेश को श्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लेकर कार्य कर रहे हैं। यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवारजनों, उत्कृष्ठ कार्य करने वाले समाजसेवियो, पुलिस के जवानों, खिलाडिय़ों व जिला प्रशासन के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। परेड में हरियाणा पुलिस महिला की टुकड़ी को प्रथम, होमगार्ड की टुकड़ी को द्वितीय तथा हरियाणा पुलिस पुरूषों की टुकडिय़ों को तीसरे स्थान पर रहने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले सभी 6 स्कूलों के बच्चों को पुरस्कृत किया गया। यादव ने समारोह में भाग लेने वाले बच्चों की मिठाई के लिए स्वैच्छिक कोष से ढाई लाख रूपये की राशि देने के अलावा बच्चों के लिए 16 अगस्त की छुट्टी की घोषणा भी की।

इस अवसर पर विधायक सीमा त्रिखा व मूलचन्द शर्मा, चेयरमैन अजय गौड़, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, महापौर सुमन बाला, उपमहापौर मनमोहन गर्ग, उपायुक्त समीरपाल सरों, पुलिस आयुक्त डा. हनीफ कुरैशी, अतिरिक्त उपायुक्त जितेन्द्र दहिया, नगराधीश सतबीर मान, उद्योगपति जे.पी. मल्होत्रा, रामलाल बोरड़, एमएस औजला व आरपी हंस, भाजपा नेता नीरा तोमर, अनिल प्रताप सिंह, सुखबीर मलेरना, समाजसेवी मोतीलाल गुप्ता, एडवोकेट रंजना शर्मा, सेवानिवृत एचसीएस अधिकारी अमरनाथ इच्छपुंजानी व आरसी पावरिया तथा इंजीनियर एसके सचदेवा सहित कई अन्य अधिकारी, भाजपा नेता, समाजसेवी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।