April 24, 2024

हरियाणा के जींद में 10वीं की छात्रा से रेप, दरिंदगी की सारी हदे पार

Jind/Kurukshetra/Alive News : हरियाणा के जींद जिले में रेल की पटरी पर नैकेड हालत में एक 10वीं की स्टूडेंट का शव बरामद हुआ है। एक अखबार के माध्यम से मिली जानकारी के अनुसार स्टूडेंट कुरुक्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसके साथ निर्भया जैसी दरिंदगी हुई थी, रोहतक पीजीआई में हुए पोस्टमॉर्टम में इसकी पुष्टि हुई। उसके साथ कई लड़कों ने गैंगरेप किया। विक्टिम के प्राइवेट पार्ट में नुकीली चीज डालने की बात भी सामने आई है। पहचान छिपाने के लिए शव को क्षत-विक्षत करने की भी कोशिश की गई। रविवार को गुस्साए परिजन शव लेकर कुरुक्षेत्र पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं।

घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली थी स्टूडेंट
– पुलिस के मुताबिक, कुरुक्षेत्र के अपने गांव से 9 जनवरी को घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली स्टूडेंट देर रात तक घर नहीं पहुंची। परिजन ने पुलिस से बेटी के लापता होने की शिकायत की।
– 10 जनवरी को पुलिस ने आईपीसी की धारा 346 के तहत केस दर्ज किया। 12 जनवरी को शव बुरी हालत में जींद के गांव बूढ़ाखेड़ा के पास पटरी पर मिला था।
– पुलिस ने बूढ़ाखेड़ा गांव के सरपंच सुरेश कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या, शव को खुर्द बुर्द करने समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मृतका के शरीर पर चोट के काफी निशान हैं।
– आरोपियों ने विक्टिम के साथ रेप करने के बाद हत्या कर शव को क्षत-विक्षत करने की कोशिश की। रोहतक पीजीआई के फोरेंसिक डिपार्टमेंट के अध्यक्ष डॉ. एसके धतरवाल के मुताबिक, लड़की के प्राइवेट पार्ट में कुछ नुकीली चीज डाली गई।
– वहीं, थाना इन्चार्ज का कहना है कि जिस दिन स्टूडेंट लापता हुई, उस दिन से एक 12वीं का स्टूडेंट भी लापता है। उसके परिजन से पूछताछ की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा- पीड़िता के साथ की गई बर्बरता- मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अरुण कुमार ने दो एसआईटी गठित की हैं। स्पेशल दो टीमों में डीएसपी सुनील कुमार और डीएसपी कप्तान सिंह, महिला थाना प्रभारी संतोष देवी और महिला सेल इंचार्ज कमलेश देवी के अलावा अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया है।

सूचना मिलते ही अरुण कुमार अन्य अफसरों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस और सीन आॅफ क्राइम टीम ने मौके से सबूत जुटाए। पुलिस द्वारा कयास लगाए जा रहे हैं कि बच्ची के साथ वारदात को अंजाम देकर आरोपियों ने शव को खुर्द बुर्द करने के लिए इसे पीछे से नहर में फेंका।

सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि इसे पानी से बाहर किसने निकाला। शव की हालत को देखते हुए लग रहा है कि वारदात कई दिन पुरानी नहीं है। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर लड़की की शिनाख्त की कोशिश की।

डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि लड़की के गले में काले डोरे के साथ संत रविदास का लॉकेट पहनी थी, उसके पैर पर भी काला धागा बंधा हुआ था। इसी के आधार पर आसपास के इलाके में सूचना भिजवाई गई। उसकी पहचान कुरुक्षेत्र के गांव झांसा की रहने वाली के छात्रा रूप में हुई। कुरुक्षेत्र में परिजन ने लड़की की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा रखी थी।

पेट के अंदर फटे हैं कई अंग : रिपोर्ट
डॉ. एसके धतरवाल ने बताया कि लड़की के शरीर पर चोट के काफी निशान मिले। जांच से लग रहा है कि उसके साथ कई लोगों ने रेप किया। उसे डुबोकर मारा गया है।
“युवती के पेट के कई अंग फटे हुए हैं। प्राइवेट पार्ट में किसी नुकीली चीज को डाला गया। बाकी सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं।”