April 20, 2024

वाईएमसीए में आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Alive News Photo : आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिला कर्मियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए
Alive News Photo : आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिला कर्मियों को आत्मरक्षा के गुर सिखाते हुए

फरीदाबाद : वाईएमसीए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय फरीदाबाद के महिला कल्याण प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं एवं महिला कर्मियों के लिए एक आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 15 नवम्बर तक चलेगा, जिसे विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ मॉब के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन आज शहर की प्रमुख शिक्षाविद् रेणु सूद ने किया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मॉब एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नवीन सूद और अन्य पदाधिकारी सुनील यादव व अजय नेहरा भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक आत्मरक्षा के लिए जूडो मार्शल आर्ट की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी जायेगी। कुलपति डॉ संदीप ग्रोवर तथा कुलसचिव डॉ तिलक राज ने महिला कल्याण प्रकोष्ठ द्वारा छात्राओं के लिए आत्म रक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर सराहना की है।

डॉ ग्रोवर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अन्याय के विरूद्ध लडऩे में सक्षम बनाते है और इससे महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलता है। महिला कल्याण प्रकोष्ठ की अध्यक्ष पूनम सिंघल ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मुसीबत या किसी तरह के उत्पीडन के दौरान खुद का बचाव की तकनीकों के बारे में बुनियादी प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि समाज में महिलाओं के विरूद्ध बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर छात्राओं को आत्म रक्षा के लिए प्रशिक्षिण करना जरूरी है।