March 29, 2024

अद्वितीय रंग-बिरंगी रोशनियों में नहाया श्री सिद्धदाता आश्रम परिसर

Faridabad/Alive News : सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में जन्माष्टमी का पर्व पूरे जोर शोर से मनाया जाता है। यहां अधिपति अनंतश्री विभूषित इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा पीठाधीश्वर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के निर्देशन में 15 अगस्त की रात्रि को जन्माष्टमी पर्व मनाने की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। यहां पर विशिष्ट रोशनियों की व्यवस्था की गई है। रोशनी में नहाया श्री सिद्धदाता आश्रम बहुत अलौकिक नजर आता है। माना जा रहा है कि ऐसी रोशनी कहीं ढूृंढना सरल नहीं है।

वहीं भजन, प्रवचन, भंडारे के साथ रात्रि में लाला कन्हैया का जन्म होगा। इस अवसर पर हजारों लोग मौजूद रहेंगे। विशिष्ट रूप से वृंदावन से देवकीनंदन शास्त्री जी को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए बुलाया गया है। जो अनेक प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लेंगे। वहीं यहां बनाई जाने वाली झांकियां भी लोगों का मनमोह लेंगी।

गौरतलब है कि श्री सिद्धदाता आश्रम सनातन धर्म के प्रमुख श्री रामानुज संप्रदाय का प्रमुख तीर्थ क्षेत्र रूप में विश्वभर में विख्यात है। यहां की शाखाएं दुनिया के दो दर्जन से अधिक देशों में संचालित हैं जहां से भक्तों का यहां आना जाना लगा रहता है। वहीं देश भर से भी रोज ही हजारों लोग यहां दर्शन, पूजन, अर्चन के लिए पहुंचते हैं। आश्रम अपनी सामाजिक गतिविधियों एवं स्वच्छता के लिए भी अलग पहचान बना चुका है।