April 26, 2024

सिद्धों का धाम है श्री सिद्धदाता आश्रम : रामबिलास शर्मा

Faridabad/Alive News : राज्य सरकार के कद्दावर मंत्रियों में सम्मिलित रामबिलास शर्मा श्री सिद्धदाता आश्रम पहुंचे। यहां भक्तों से सामान्य मुलाकात के दौरान उन्होंने आश्रम को सिद्धों का धाम बताया। मंत्री जी ने कहा कि सिद्धदाता आश्रम के संस्थापक स्वामी सुदर्शनाचार्य जी महाराज कहते थे कि इस आश्रम में सिद्धों को भी देने की शक्ति है जो बिल्कुल सच साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न वर्गों के छोटे से लेकर बड़े स्तर के व्यक्ति यहां आते हैं और अपने मनोनुकूल मुराद मांगते हैं और वह पूरी भी होती हैं। उन्होंने कहा कि सिद्धदाता का अर्थ ही सिद्धों को देने वाला है।

उन्होंने यहां आश्रम के अधिपति श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री गुरु महाराज ने भी मंत्री जी को यशस्वी, कीर्तिवान एवं स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि रामबिलास सरीखे व्यक्ति जहां जिस भूमिका में होते हैं, वह अपनी अलग पहचान बनाते हैं।

गौरतलब है कि श्री रामानुज संप्रदाय में श्री सिद्धदाता आश्रम को विशेष स्थान प्राप्त है और इसे उत्तर भारत का सबसे बड़ा कारसेवा से तैयार स्थान भी कहा जाता है जिसकी देश विदेश में दो दर्जन से अधिक शाखाएं विस्तारित हैं। जिनसे लाखों लोग जुडकऱ अपने इहलोक और परलोक सुधार रहे हैं। वहीं आश्रम की ओर से संचालित समाज सेवा के प्रकल्प भी लोगों के जीवन को सुधार रहे हैं।