April 25, 2024

छठा सामूहिक विवाह समारोह आज

Faridabad : आदिगौड़ ब्राह्मण युवा समाज द्वारा भगवान परशुराम जयंती अक्षय तृतीय के अवसर पर 18 अप्रैल को प्रात: 10 बजे से छठे सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन नगर निगम सभागार, दशहरा मैदान में आयोजन किया जाएगा। समारोह में 8 जोड़ों को प्रणय सूत्र में बाँधा जाएगा।

उक्त जानकारी देते हुए आदिगौड़ ब्राह्मण समाज के महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक पं. तुलाराम शास्त्री व पं. बलवीर शास्त्री ने बताया कि इस मौके पर मुख्यातिथि के रूप में महापौर सुमन बाला व विशिष्ट अतिथि के रूप में बडख़ल से विधायक सीमा त्रिखा उपस्थित रहेंगी।

उन्होंने बताया कि बारात का नाश्ता एवं बारात चढ़त प्रात: 6.30 बजे से 8 बजे तक होगी और बारात का स्वागत 10 से 11 बजे तक किया जाएगा। आशीर्वाद समारोह 11 से 12 बजे तक होगा। पाणिग्रहण संस्कार दोपहर 2 से 3 बजे तक संपन्न कराए जाएंगे तथा विदाई समारोह 3 से 4 बजे तक की जाएगी। प्रीतिभोज का आयोजन प्रात: 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। वरपक्ष के ठहरने की व्यवस्था धर्मशाला खान दौलतराम में की गई है जबकि वधुपक्ष के ठहरने की व्यवस्था सभागार में ही होगी।

उन्होंने बताया कि समाज द्वारा वधु के लिए नाक की लौंग सोने की, दो जोड़ी चुटकी चाँदी की, एक जोड़ी पायल चाँदी की, मंगलसूत्र रोल गोल्ड तथा दो जोड़ी वस्त्र प्रदान किए जाएंगे जबकि वर के लिए चाँदी की अंगूठी, एक सफारी सूट तथा कमरबंद दिया जाएगा। 21 बर्तन तथा विदाई के समय कन्या पक्ष वर पक्ष को कांसी का खांड कटोरा भेंट किया जाएगा।