April 25, 2024

सामाजिक संगठनों ने केक काटकर मनाया डॉ.राजेंद्र प्रसाद का जन्मोत्सव

फरीदाबाद : फरीदाबाद को बसाने व संवारने वाले देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती धूमधाम से सामाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा मनाई गई। एनएच-2डी स्थित सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें उनके योगदान को याद किया गया। डॉ. प्रसाद फरीदाबाद विकास बोर्ड के पहले चेयरमैन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व पार्षद हेमराज ढींगड़ा ने की।

अनादि सेवा प्रकल्प के अध्यक्ष प्रणव शुक्ला ने कहा कि डॉ. राजेंद्र बाबू के कृतित्व व व्यक्तित्व को अपने में उतारना होगा। तभी समाज का कल्याण संभव है। अहंकार को अपने से दूर रखने की जरूरत है। 1940 के दशक में डॉ. राजेंद्र बाबू देश के चोटी के नेताओं में से एक थे। इसके बावजूद उन्होंने फरीदाबाद विकास बोर्ड जैसे एक संस्था का पद ग्रहण किया।

यह संदेश है कि समाज की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहना चाहिए। पद छोटा व बड़ा नहीं होता है। काम ईमानदारी पूर्वक करने की जरूरत है। जिससे सभ्य समाज का निर्माण हो सके। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सेक्टर-23 में जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ट्रस्ट के अध्यक्ष उमेश कुमार व महासचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि जन प्रतिनिधियों को ऐसे महापुरूष के प्रति संवेदनशील होना पड़ेगा। शहर में उन्हें एक पहचान देनी होगी। इस मौके पर केबी दूबे, बीके पांडेय, समीर अरोड़ा, मनन चावला, दिनेश सिंह, विनोद ठाकुर, शिव सागर सिंह, सहित बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।