April 20, 2024

राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक ब्रह्मदेव यादव का सम्मान समरोह

Faridabad : सराय ख्वाजा स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक ब्रह्मदेव यादव का सम्मान समारोह प्राचार्या नीलम कौशिक की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर हुए कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, सराय ख्वाजा का समस्त शिक्षक समाज और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य अतिथियों व यादव के परिवारिक सदस्यों की उपस्थिति में ब्रह्मदेव यादव की असाधारण सेवा की प्रशंसा की गई।

विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता रविंदर कुमार मनचंदा ने इस मौके पर बताया की शिक्षा जगत की बत्तीस वर्ष की सरकारी सेवा में यादव ने चौबीस गुणा सात यानि दिन हो या रात जैसी भी और जब भी जरुरत पड़ी, शिक्षा और सामाजिक कार्यों के प्रति पूर्ण रूपेण समर्पित रहे ।

मनचंदा ने कहा कि ब्रह्मदेव यादव ने 1986 में सरकारी नियुक्ति से राजकीय उच्च विद्यालय खेड़ीकलां, ददसिया, सेहतपुर और राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सराय ख्वाजा में कला अध्यापक के तौर पर विद्यालय के सभी तरह के शैक्षणिक , गैर शैक्षणिक और अन्य कार्यों व कर्तव्यों को समर्पणता, गंभीरता, सहर्षता और कुशलता से पूरा किया। इन्हें 2013 में हरियाणा के राज्यपाल महोदय द्वारा राजभवन चंडीगढ़ में 2013 में बतौर श्रेष्ठ शिक्षक के रूप में राज्य शिक्षक सम्मान से विभूषित किया गया।

पूरे शिक्षक जीवन में शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं विद्यालय के चहुमुखी विकास के प्रति पूर्ण रूप से समर्पित रहे ब्रह्मदेव यादव ने सच्चे अर्थों में एक आदर्श शिक्षक की भूमिका का अक्षरश: निर्वहन किया। सम्मान समारोह में विद्यालय की प्राचार्या नीलम कौशिक, प्राचार्य अर्जुन यादव, रंजना , सेवानिवृत प्राचार्य बी.के. गर्ग, राज कुमार अग्रवाल , सुरेश सिंह, डी.डी.ओ. राजेश शर्मा, सुरबाला, ईश कुमार, मनोज, नरेंदर, रामपाल शास्त्री, लोकेश पी.टी., शिक्षा और सामाजिक जगत की तमाम चर्चित हस्तियां, ब्रह्मदेव यादव के ज्येष्ठ व कनिष्ठ पारिवारिक जन, विद्यालय के पूर्व और वर्तमान सदस्यों ने ब्रह्मदेव यादव की कर्मठता, परिश्रम और अनुशासन की दिल खोल कर सराहना की।

रूपकिशोर शर्मा ने मंच का बखूबी संचालन किया। समस्त अतिथियों, आगंतुकों, विद्यालय की नीलम कौशिक, रविंदर कुमार मनचंदा, रेनू शर्मा, स्टाफ सचिव विनोद अग्रवाल, रूपकिशोर शर्मा, संजय शर्मा, वेदवती सरोज दलाल बिजेन्दर नरवत और समस्त स्टाफ सदस्यों ने ब्रह्मदेव यादव को पुष्प हार पहनाकर उपहार भेट किए और पौधा देकर सम्मानित किया। प्राचार्या और समस्त स्टाफ ने ब्रह्मदेव यादव के स्वस्थमय और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा जगत का चमकता सितारा बताया।