April 20, 2024

21 जून को योग उत्सव के तौर पर मनाए प्रदेशवासी : मुख्यमंत्री मनोहर लाल

फरीदाबाद : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि 21 जून, 2016 एक उत्सव का दिन है और सभी प्रदेशवासी इसे योग उत्सव के तौर पर मनाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से यह आह्वान शनिवार की सुबह फरीदाबाद के हूडा ग्राउंड योग ऋषि स्वामी रामदेव के सान्निध्य में चल रहे विशाल नि:शुल्क योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर के अवसर पर किया। पांच दिवसीय इस कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्यमंत्री शिविर में शामिल हुए और स्वामी रामदेव के साथ योगाभ्यास किया।

मनोहर लाल ने अपने संबोधन में योग के प्रसार, योग के अभ्यास व विश्व स्तर पर योग को प्रसिद्धि दिलाने का श्रेय स्वामी रामदेव को देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो वर्ष पहले संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) में योग को समर्पित एक दिन का प्रस्ताव रखा था। यूएनओ में यह प्रस्ताव न केवल पारित हुआ बल्कि दुनिया भर मे 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तौर पर मनाने का निर्णय लिया। दुनिया के 177 देश योग के लिए आगे आए।

उन्होंने बताया कि इस बार 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चण्डीगढ़ में योगााभ्यास करेंगे। उनके साथ हरियाणा के 31 हजार साधक भी कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग साधना भारत की प्राचीन धरोहर है और दुनिया भर में यह हमारी सांस्कृतिक पहचान भी है।

शिविर में पहुंचने पर स्वामी रामदेव ने हरियाणा के मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को संत की संज्ञा देते हुए उन्हें 18 घण्टे काम करने वाला कर्मयोगी बताया। योगाभ्यास की सरल शब्दों में व्याख्या करते हुए कहा कि जिम में जाकर अभ्यास करने की तुलना में योगाभ्यास अधिक लाभदायक है। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष एडवोकेट गोपाल शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष अजय गौड़, जिला सचिव संजीव भाटी के साथ ही पतंजलि व भारत स्वाभिमान ट्रस्ट आदि संस्थाओं के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।