April 25, 2024

करोडो के बजट से होगा सन्निहित सरोवर के सौंदर्यकरण और घाटों का निर्माण

Kurukshetra : इतिहास के सुनहरी पन्नों में जिक्र किया गया है कि सन्निहित सरोवर में ही सात नदियां मिलती थी और महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने सभी दिवंगतों की मुक्ति के लिए इसी सरोवर में पिंड दान किया था। इन्ही ऐतिहासिक लम्हों को युगों-युगों तक याद करने के लिए सन्निहित सरोवर का निर्माण किया गया। जी हां इसी सरोवर के इतिहास को युवा पीढ़ी के समक्ष रखने तथा सौंदर्यकरण करने के उदेश्य से इस ऐतिहासिक सन्निहित सरोवर का सरकार की तरफ से जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा और इस परियोजना पर 5 करोड़ 45 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

इन तथ्यों को थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने शहरवासियों के साथ सांज्ञा किया है। विधायक सुभाष सुधा ने आज यहां विशेष बातचीत करते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत श्रीकृष्णा सर्किट योजना हेतू कुरुक्षेत्र के लिए 32 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है, हालांकि प्रथम चरण में इस योजना के लिए 97 करोड़ 34 लाख रुपए का बजट पास हुआ है।

इस योजना के अंतर्गत ही सन्निहित सरोवर पर 5 करोड़ 45 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाना है। इस योजना के तहत पर्यटन विभाग चंड़ीगढ़ द्वारा सन्निहित सरोवर पर घाट, पर्यटन सूचना केन्द्र, चारदिवारी, पार्किंग और फुटपाथ बनाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। इस सरोवर के चारों तरफ लाईटिंग व शैड का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत ही शहर में सडक़ों, स्वच्छता और सौंदर्यकरण पर 4 करोड़ 91 लाख रुपए की राशि खर्च की जानी है। इसका कार्य पंचायती राज संस्था की तरफ से किया जाएगा। इतना ही नहीं सरकार ने पर्यटन विभाग चंड़ीगढ़ को नरकरतारी में भी सौंदर्यकरण करने के कार्य को शीघ्र करने के आदेश जारी कर दिए है।

इस तीर्थ स्थल पर भी शौचालय, चारदीवारी, पार्किंग, शौपिंग क्षेत्र, विष्णु शहस्त्रनाम का कार्य किया जाएगा। इस प्रोजैक्ट के लिए सरकार ने 2 करोड़ 12 लाख रुपए का बजट तय किया है। इस गांव में तीर्थ का सौंदर्यकरण होने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा और गांव में रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पांचों स्थलों जिनमें ब्रहमसरोवर, ज्योतिसर, नरकरतारी, सन्निहित सरोवर और शहर के सौंदर्यकरण का कार्य किया जाना है।

ब्रहमसरोवर पर खर्च होगा 38 करोड़ 31 लाख का बजट
विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि ब्रहमसरोवर के सौंदर्यकरण और विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण पर श्रीकृष्णा सर्किट के तहत 38 करोड़ 31 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा। इस योजना के तहत ब्रहमसरोवर के नंदा स्मारक के पास 1 करोड़ 20 लाख की राशि से बहु वैकल्पिक पर्यटन सूचना केन्द्र का निर्माण चल रहा है, 1 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रहमसरोवर के दक्षिण में पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है,

5 करोड़ की राशि से ब्रहमसरोवर की परिक्रमा व मुख्य द्वारों पर लाईटिंग का कार्य किया जा रहा है, 5 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रहमसरोवर की परिक्रमा पर 7 और पार्किंग स्थल पर 4 शौचालय बनाने का कार्य जोरो पर चल रहा है, 4 करोड़ 25 लाख की राशि से ब्रहमसरोवर के सातों प्रवेश द्वारों और फर्श निर्माण का कार्य चल रहा है, ब्रहमसरोवर पर महिला घाटों के निर्माण कार्य पर 1 करोड रुपए और परिक्रमा पर म्यूरल पेंटिंग पर 2 करोड़ 10 लाख की राशि से कार्य चल रहे है।

चक्रव्यूह पर खर्च होगा 50 लाख
ब्रहमसरोवर सत्कार भोजनालय के निकट श्रीकृष्णा सर्किट के तहत चक्रव्यूह का निर्माण किया जाएगा। इस योजना पर 50 लाख रुपए का बजट खर्च किया जाएगा।

मल्टी मीडिया लेजर शो पर खर्च होगा 16 करोड़
ब्रहमसरोवर पर मल्टी मीडिया लेजर शो का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य को मुकम्मल करने की जिम्मेवारी आईटीडीसी को सौंपी गई है। इस कार्य के लिए सरकार द्वारा 16 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

ज्योतिसर तीर्थ पर खर्च होगा 32.33 करोड़
विधायक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने ज्योतिसर की पावन धरा पर ही गीता के उपदेश दिए थे, इसलिए इस स्थल को सुंदर और पवित्र बनाने पर 32 करोड़ 33 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ की राशि से घाट, प्रवेश द्वार, प्रशासनिक ब्लाक, कैफेटेरिया और शौचालय बनाने का कार्य शुरु कर दिया गया है। इसी तीर्थ स्थल पर शीघ्र ही 13 करोड़ की राशि से महाभारत थीम पर आधारित भवन का निर्माण शुरु किया जाएगा।