April 23, 2024

भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू : अशोक तंवर

Faridabad/Aalive News : हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने फरीदाबाद की जनता से खुलकर बातचीत की। कांग्रेस जनसंवाद सम्मेलन में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर फरीदाबाद की जनता को मूर्ख बनाया जा रहा है, लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही। डॉ. अशोक तवर ने कहा कि हरियाणा में जिला लेवल और बूथ लेवल तक कांग्रेस को मजबूत करने के लिए शीघ्र ही नई नियुक्तियां की जाएंगी एवं इसके साथ ही पुराने कांग्रेसियों को भी मान-सम्मान देते हुए कमेटियों के गठन की घोषणा कर दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों लोग कांग्रेस के साथ जुडक़र भाजपा कुशासन के खिलाफ संघर्ष करना चाहते हैं उन लोगों को एकजुट करने के लिए वह  हरियाणा में जगह-जगह जा रहे हैं और लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। डॉ. अशोक तंवर ने पूर्वांचल के प्रतिष्ठित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर पूर्वांचल के लोगों को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। हरियाणा में उनके संख्या अनुपात के आधार पर उन्हें सत्ता में भागीदारी दी जाएगी।

इस अवसर पर उन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों की मांग पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष ओ.पी. पांडे को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस पूर्वांचल प्रकोष्ठ का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर फरीदाबाद नगर निगम के पूर्व मेयर सुबेदार सुमन एवं पूर्व मेयर डॉ. अतर सिंह, पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी एवं पूर्व पार्षद रामशरण ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस के बड़े नेताओं ने कांग्रेस के छोटे कार्यकर्ताओं के घरों पर जाना बंद कर दिया है।

डॉ. अशोक तंवर ने यह भी कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार गरीब झुग्गी-झोपड़ी वालों पर जुल्म कर रही है, लोगों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है इसलिए 24 सितंबर को कांग्रेस द्वारा बल्लभगढ़ की अनाज मंडी में एक विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है जिसमें फरीदाबाद के सभी वर्गों के लोग शिरकत करेंगे। उन्होंने फरीदाबाद की जनता से आग्रह करते हुए कहा कि भाजपा शासन में प्रत्येक वर्ग की रोजी-रोटी छीनी जा रही है इसलिए सब को एकजुट होकर इसके लिए लड़ाई लडऩी चाहिए। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद का विकास केवल कांग्रेस के शासनकाल में हुआ है और हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने पर फिर से यहां रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य कराए जाएंगे।

कांग्रेस जन संवाद के इस कार्यक्रम अवसर पर पूर्व विधायक आनंद कौशिक, हरियाणा सरकार के पूर्व चेयरमैन अब्दुल गफ्फार कुरैशी, विकास चौधरी, सुमित गौड, राजेंद्र शर्मा, एम.पी. शर्मा, राजेंद्र शर्मा, दिनेश चंदीला, महेंद्र शर्मा, कांग्रेस ओबीसी सेल के अध्यक्ष राकेश भड़ाना, पूर्व कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट आर. के. मल्होत्रा, सत्यवीर डागर, बिलाल अहमद, इंटक के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद आहूजा, रेनू चौहान सहित सैकड़ों नेताओं ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक तंवर का स्वागत किया और उन्हें एक शानदार कार्यक्रम की शुरुआत करने पर बधाई दी।

इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व सचिव अशोक गर्ग ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक अशोक तंवर के नेतृत्व में आयोजित रोजी-रोटी बचाओ रैली में शिरकत करें। यह रैली बल्लभगढ़ के अनाज मंडी में 24 सितंबर को आयोजित की जा रही है। इस रैली के माध्यम से प्रदेश की भ्रष्ट भाजपा सरकार पर दबाव बनाया जाएगा कि वह लोगों की रोजी-रोटी छीनना बंद कर दें अन्यथा इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंक दिया।