April 27, 2024

घटना को पांच महीने बीत जाने के बाद भी है, अशोक को पुलिस का खौफ

New Delhi/Alive News : भोंडसी स्थित विद्यालय में प्रिंस की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए अशोक को सीबीआई ने क्लीन चिट दे दी है। घटना को पांच महीने बीत जाने के बाद भी अशोक के मन से खाकी का खौफ कम नहीं हुआ है।

जहां भी उसे पुलिसकर्मी दिखाई देते हैं, वह सहम जाता है और बीच रास्ते में ही रुक जाता है। उसे कोई रोजगार भी नहीं मिल रहा है। मंगलवार को अशोक के पिता अमीचंद ने बताया कि अशोक के मन से पुलिस की प्रताड़ना का खौफनाक मंजर नहीं जा रहा है।

8 सितंबर को प्रिंस की हत्या के बाद उस पर जो कहर टूटा उससे वह अब तक उभर नहीं पाया है। सीबीआई के क्लीन चिट देने के बाद भी वह पुलिस के जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने की भी हिम्मत नहीं कर रहा है।

कहीं भी जाने में उसे इतना डर लगता है कि वह अकेला नहीं जाता। बस में यदि जाना हो तो उसे अपने साथ एक साथी चाहिए। पुलिस की पिटाई की पीड़ा अब थोड़ी कम होने लगी है, लेकिन घटना के बाद से ही वह बेरोजगार हो गया।

21 नवंबर को कोर्ट द्वारा जमानत पर रिहा होने के बाद जहां भी वह नौकरी के लिए आवेदन करने जाता है, उसे अपराधियों की नजर से देखा जाता है। साथ ही काम देने से भी मना कर दिया जाता है।

परिजनों का आरोप है कि जो वारदात उसने की ही नहीं थी, डंडे के जोर पर उसे कबूल करवा दिया। बुजुर्ग अमीचंद ने बताया कि घर के गुजारे के लिए अब वह नौकरी रहे हैं।

पास के ही एक स्कूल में उन्हें काम मिला है। इसी से घर में बच्चों को पाल रहे हैं। काफी प्रयास कर चुके हैं, लेकिन अशोक को कोई काम नहीं मिल पा रहा है