April 19, 2024

जनता का जनता द्वारा राज स्थापित करना पहला उद्देश्य : रणवीर शर्मा

Faridabad/Alive News : देश में सत्ता का विकेन्द्री करण करने के लिए वर्ष 1992 में भारत सरकार ने देश के संविधान में 73 और 74 वां संशोधन किया, ताकि सरकार के काम काज में सीधे तौर जनता की भागीदारी हो सके, मगर वर्तमान पार्टियों ने वर्षों तक देश पर राज करने के बाद भी जनता को पूर्ण स्वाराज का अधिकार नहीं दिया। सच तो यह है कि वर्तमान राजनैतिक पार्टियां जनता से वोट लेकर सत्ता सुख तो भोगना चाहती हैं, मगर वह जनता को पूर्ण अधिकार नहीं देना चाहतीं। राष्ट्रीय लोक स्वाराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईजीपी रणवीर शर्मा ने उक्त शब्द जिला फरीदाबाद के गांव जसाना में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहे। इस मौके पर युवा नेता चौ. नवलसिंह नागर को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया।

जनसभा में राष्ट्रीय लोक स्वाराज पार्टी के राष्ट्रीय सचिव नरेन्द्र सिंह, लोकसभा प्रभारी भीकम सिंह बांकुरा, जिला युवा अध्यक्ष ललित चौधरी, बदरपुर सैल के पूर्व सरपंच सीताराम, राजकिशोर, महिला सैल की मुकेश नरवाल, सुधा चौहान, सरोज देवी, सुमन, ममता, लक्ष्मन शर्मा सहित हजारों लोग मौजूद थे। शर्मा ने कहा देश के नेता और नौकरशाहों ने संविधान में किए गये इस संशोधन के 25 साल गुजर जाने के बाद भी जनता को सत्ता का अधिकार नहीं दिया, जबकि राष्ट्रीय लोक स्वाराज पार्टी (आरएलएसपी)का पहला उद्देश्य यह है कि जनता का, जनता द्वारा राज वाली संविधान के प्रथम उद्देश्य को लागू किया जाए, ताकि गांव, शहर और देश में अत्याचार, भ्रष्टाचार, गुण्डाराज और नेताओं की दबंगई के साथ-साथ नौकरशाहों की मनमानी पर भी लगाम लगाई जा सके। उन्होने कहा हमारी पार्टी वोटर का राज वोटर द्वारा स्थापित करना चाहती है। जनता जिस नेता को वोट देकर पंच, सरपंच, पार्षद, विधायक और सांसद बनाएगी वही उसके काम काज को देखेगी, और यदि उनका जनप्रतिनिधि ठीक काम नहीं करेगा तो उसे कुर्सी से हटाने के लिए उसे पांच साल तक चुनावों का इंतजार नहीं करना पडेगा, बल्कि बीच में कभी भी हटा सकती है।

जनसभा में नवनियुक्त जिला प्रभारी नवल सिंह नगर ने कहा सभी राजनैतिक पार्टियां जनता को लुभाने के लिए तरह-तरह के वायदे करती हैं, मगर राष्ट्रीय लोक स्वराज पार्टी पहली ऐसी पार्टी है, जो जनता को उसकी शक्तियों और ताकत का ज्ञान करवा रही है। यह काम अब तक कोई नेता और अधिकारी नहीं करता था क्योंकि वह झूठे वायदे करके जनता को गुमराह करते थे। उन्होने कहा जल्द पूरे हरियाणा में लोग आरएलएसपी से जुडेंगे क्योंकि यहां हम जनता के वोट नहीं मांग रहे बल्कि उनको ही सरकार की बाग डोर सौप रहे हैं।