April 19, 2024

गुरु कृपा से जीवन का अर्थ समझ आता है : स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

श्री सिद्धदाता आश्रम में 255 लोगों ने पाया नामदान, 346 ने कराई स्वास्थ्य की जांच

Faridabad/Alive News : श्री रामानुज संप्रदाय के पवित्र तीर्थ क्षेत्र श्री सिद्धदाता आश्रम एवं श्री लक्ष्मीनारायण दिव्य धाम में नामदान समारोह का आयोजन किया जिसमें 255 लोगों ने दीक्षा प्राप्त की। इस अवसर पर आश्रम एवं दिव्यधाम के अधिपति श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा से ही जीवन का सही अर्थ समझ आता है। इसलिए मानव को जीवन सफल बनाने के लिए अध्यात्मिक गुरु की शरण लेनी चाहिए। गुरु महाराज ने 255 लोगों को पंचविधि से दीक्षा दी। जिसमें यज्ञ, यज्ञोपवीत, चक्रांकन, नाम एवं शरणागति शामिल हैं। यहां सुबह से ही नामदान के लिए प्रतीक्षित भक्त पहुंचने लगे थे। जिनको रामानुज संप्रदाय में दीक्षित किया गया।

इस अवसर पर श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि व्यक्ति को अपने जीवन की सफलता का मूल्यांकन धन दौलत से नहीं करना चाहिए और न ही इसके पीछे अंधी दौड़ लगानी चाहिए। यह सब तो गुरु कृपा से मिल ही जाने हैं। फिर हमारा लक्ष्य मुक्ति है, इन भौतिकवादी चीजों का संग्रह नहीं। यह तो हमें मिल ही जाने हैं। इनके लिए अपनी मानवता को न त्यागें। दैनिक धंधे करते हुए भी आप भगवान में मन लगाएं और वह करें जो करने योग्य हैं। और इस संसार में करने योग्य वही है जो भगवान को भाता है।

वहीं आश्रम परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया जिसमें 346 लोगों ने लाभ उठाया और मुफ्त दवाइयां भी प्राप्त कीं। इस मौके पर हजारों लोगों ने प्रसाद एवं भोजन प्रसाद प्राप्त किया।