April 26, 2024

अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में लघु भारत के दर्शन : वाल्गद

Kurukshetra/Alive News : सरस्वती हैरिटेज विकास बोर्ड के सीईओ श्रीकांत वाल्गद ने कहा कि पिहोवा में 18 से 22 जनवरी 2018 तक आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय महोत्सव में लघु भारत के दर्शन होंगे। इस महोत्स्व में पूरे देश से शिल्पकार क्राफ्ट मेले के माध्यम से अपने-अपने राज्यों की लोक कला से सभी को परिचित करवाएंगे। इसके साथ-साथ महोत्सव में सरस मेले का भी आयोजन किया जाएगा। इस सरस मेले में स्थानीय लोगों को भी स्टाल लगाने का अवसर मिलेगा।

सरस्वती हैरिटेज विकास बोर्ड के सीईओ श्रीकांत वाल्गद वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में महोत्सव की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक समीक्षा बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आदि बद्री व सिरसा से सरस्वती यात्रा विभिन्न जिलों से होकर सरस्वती महोत्सव पिहोवा में पहुंचेंगी। एक हजार एक सौ बच्चों द्वारा एक साथ सरस्वती वंदना की जाएगी। सरस्वती महोत्सव में सरस्वती हैरिटेज बोर्ड की तरफ से एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती सेमिनार का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ पर महोत्सव के दौरान आरती व भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव स्थल पर हरियाणवी लोक कला को उजागर करता हुआ हरियाणा पैवेलियन स्थापित किया जाएगा। इस पैवेलियन में पारम्परिक हरियाणवी लोक गीतों से सरस्वती की महिमा का गुणगान किया जाएगा।

इस महोत्सव के दौरान पिहोवा में वाल पेंटिंग तथा विभिन्न प्रकार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव से पूर्व सरस्वती तीर्थ का सौन्दर्यकरण किया जा रहा है। इसके साथ-साथ महोत्सव से पहले निरंतर जलप्रवाह लाने का पूरा प्रयास भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग अढाई करोड़ रुपए से सरस्वती तीर्थ स्थल का सौन्दर्यकरण किया जा रहा है।

तीर्थ स्थल पर घाटों की रिपेयर के साथ-साथ महिला घाट का पुर्ननिर्माण किया जा रहा है। प्रांची तीर्थ से कैलाश धाम तक लाईटों और चार दिवारी की व्यवस्था की जाएगी। तीर्थ स्थल पर महिलाओं और पुरूषों के लिए अलग-अलग शौचालय बनाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरस्वती तीर्थ में श्रद्धालुओं की अपेक्षा के अनुरूप निरंतर जलप्रवाह योजना पर कार्य चल रहा है। प्रथम चरण में सरस्वती तीर्थ में लेवलिंग का कार्य किया जा रहा है। तीर्थ के चारों ओर प्रक्रिमा पथ को दुरूस्त करके लाल पत्थर लगाएं जाएंगे।

इस मौके पर एडीसी धर्मवीर सिंह, सरस्वती हैरिटेज विकास बोर्ड की अतिरिक्त सीईओ हेमा शर्मा, एसडीएम पिहोवा पूजा चांवरिया, डीआरओ चांदी राम चौधरी, कृष्ण कुमार, सौरव चौधरी, उपेन्द्र सिंघल, इकबाल चंद शर्मा, सुचि स्मिता, महा सिंह पूनिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।