April 24, 2024

नहरी पानी मांग को लेकर फिर भूख हड़ताल पर बैठे, MLA केहर सिंह

Palwal/Alive News : किसानो की मांगे व नहरी पानी को लेकर हथीन क्षेत्र से इनेलो विधायक केहर सिंह रावत शनिवार को दोबारा से भूख हड़ताल पर गए है। विधायक द्वारा गत 21 अगस्त से जारी भूख हड़ताल को 26 अगस्त को खत्म कर दिया गया था। लेकिन उन्होने अब दोबारा से गांव अंधोप में भूख हड़ताल शुरु कर दी है। वहीं विधायक ने अपने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि कोई भी विभागीय अधिकारी उनके पास भूख हड़ताल पर आया तो उसे पेड़ो से बांधा जाएगा और यह हडताल अब अनिश्चितकालीन चलेगी।

उन्होने कहा कि जब उनके शरीर में सांस चलती रहेगी तब तक हड़ताल जारी रहेगी। विधायक केहर सिंह रावत ने छह दिन के विश्राम के बाद अब फिर से भूख हड़ताल शुरु कर दी है। केहर सिंह गत 21 अगस्त को गांव अंधोप में भूख हड़ताल पर बैठे थे। लेकिन सात दिन बाद इनेलो विधायक दल के नेता अभय सिंह चौटाला के कहने पर गत 26 अगस्त को भूख हड़ताल खत्म करके धरने पर बैठ गए थे। विधायक ने कहा कि उनकी तरफ से शासन-प्रशासन को 30 अगस्त तक मांगे मानने के लिए कहा था।

उनका कहना है कि क्षेत्र के किसानो ने फैसला लिया है कि जब तक सरकार किसानो के लिए नहरी पानी की व्यवस्था नही करती है, तब तक भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे। उन्होने चेतावनी दी है कि यदि इस बीच कोई अनहोनी हो जाती है उसकी जिम्मेदार प्रदेश की सरकार होगी। विधायक केहर सिंह रावत ने कहा कि सरकार ने हर खेत तक पानी पहुंचाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब सरकार अपने वायदे से मुकर गई है।

उन्होने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के लगभग 2 हजार एकड़ जमीन पर बीजाई नही हुई है, जिले के लगभग 260 गांवो में से लगभग 122 गांवो में नहरी पानी नही पहुंचा है जिस के कारण पलवल जिला व हथीन क्षेत्र के किसान परेशान है। वहीं उन्होने अब चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि कोई विभागीय अधिकारी उनके पास भूख हड़ताल पहुंचा तो उसे पेड़ से बांध दिया जाएगा।