May 9, 2024

दहेज के लिए ससुराल में बंधक महिला को पुलिस ने छुड़ाया

Nuh/Alive News : यहां पुलिस ने दहेज के लिए ससुराल में एक महीना 11 दिन तक बंधक रही महिला को उसके ससुराल वालों से आजाद करा लिया है।विक्टिम महिला ने छूटने के बाद बताया कि उसके भाई अजहरुद्दीन ने शादी में कार और एक लाख रुपए दहेज में दिए, लेकिन दहेज के लोभी इससे भी खुश नहीं हुए और 5 लाख रुपए की डिमांड करने लगे। मांग पूरी नहीं हुई तो उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित करते रहे।
 
जानें क्या है पूरा मामला
– विक्टिम महिला के भाई मोहम्मद अजहरुद्दीन ने बताया कि उसने अपनी छोटी बहन की शादी लगभग 7 महीने पहले दीन मोहम्मद से की थी।
– बहन की शादी के लिए उसने अपनी एक एकड़ जमीन बेचकर दीन मोहम्मद से की थी।
– शादी में उसने कार और एक लाख रुपए दहेज दिया था पर आरिफ और उसका परिवार इस दहेज से खुश नहीं था।
– शादी के बाद से ही ससुराल के लोग दहेज में और 5 लाख रुपए की डिमांड कर रहे थे।
– इस वजह से ये लोग उसकी बहन से मारपीट करते थे और उसे कई-कई दिन तक खाना भी नहीं देते थे।
– महिला ने कहा कि वो जहर खाकर मर जाएगी, पर ससुराल कभी नहीं जाएगी, क्योंकि ससुरालवालों ने उसे पिछले एक महीना 11 दिन जितना तड़पाया, शायद कोई दुश्मन से भी ऐसा बर्ताव करता।
 पुलिस की मदद से विक्टिम को छुड़ाया गया
– अजहरुद्दीन ने बताया कि अधिक दहेज के लालच में ससुराल वालों ने उसकी बहन को बंधक बनाकर रखा था।
– ससुराल वालों से बहन को छुड़ाने के लिए उसने पुलिस से गुहार लगाई, पुलिस की मदद से उसकी बहन को आजाद कराया गया।
– फिलहाल केस दर्ज नहीं किया गया है। उसने बताया कि अब ससुरालपक्ष के लोग अब उसकी बहन को जान से मारने और उसका किडनैप करने की धमकी दे रहे हैं।
– अजहरुद्दीन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डीएसपी यादराम ने बताया कि मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
– वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट की शिकायत मिलने के बाद पीड़िता को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर फैमिली वालों को सौंप दिया गया है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।