April 25, 2024

5 साल की बच्ची की पित्त नली से निकली दुनिया की सबसे बड़ी गांठ

Jaipur/Alive News : जेके लोन के पीडियाट्रिक सर्जरी के डॉक्टरों ने वैशाली नगर निवासी 5 वर्षीय बच्ची की पित्त की नली से 23.5 सेन्टीमीटर की गांठ निकाली है। पित्त की नली ही आधा सेंटीमीटर लंबी होती है, उसमें इतनी बड़ी गांठ की वजह से ऑपरेशन भी जटिल था।
मेडिकल भाषा में जाएंट कोलीडोकल सिस्ट के नाम से जानी जाने वाली ऐसी गांठों में ये दुनिया में अब तक की सबसे बड़ी गांठ मानी जा रही है। 20 नवंबर को हुए ऑपरेशन के बाद अब बच्ची स्वस्थ है और सामान्य से रूप से खाने-पीने लगी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसे अगले 2-4 दिन में डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।

दुनिया में अपनी तरह के अनूठे इस केस को इंटरनेशनल पीडियाट्रिक सर्जरी जर्नल में प्रकाशन के लिए भेजा गया है। वैशाली नगर के रहने वाले परिवार की 5 वर्षीय बच्ची पिछले 6 महीने से उल्टी और पेट दर्द से पीड़ित थी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया तो पित्त की नली में गांठ का पता चला। पित्त की नली में गांठ की शिकायत एशियाई देशों में जन्म के समय बच्चों में आम है। हालांकि सामान्यत: ऐसी गांठ का आकार छोटा होता है।

इसलिए पहला मामला होने का दावा

पीडियाट्रिक सर्जरी में इंटरनेशनल जनरल में दस मिलीमीटर के आकार से ऊपर 56 रिसर्च पेपर प्रकाशित हुए है। जेके लोन हॉस्पिटल के पूर्व अधीक्षक डॉ.डी.डी.सिन्हा के अनुसार जेके लोन में सबसे बड़े आकार की गांठ का वर्ल्ड लेवल पर पहला मामला है। मैंने तो इतने बड़े आकार की गांठ के बारें में पहली बार सुना है। डॉ.माथुर ने बताया कि साल 2016 में 12 साल की लड़की के पित्त की नली में 17 सेन्टीमीटर पित्त की नली का आकार था, जो कनाडा के पीडियाट्रिक सर्जरी के जनरल में प्रकाशित है। जाइंट कोलीडोकल सिस्ट श्रेणी में बड़े आकार की गांठ शामिल होती है।

जेके लोन में 5 साल की बच्ची के पित्त की नली में 23.5 सेन्टीमीटर की गांठ निकाली है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के 56 रिसर्च पेपर व वेबसाइट पर प्रकाशित पेपर का अध्ययन करने पर पाया गया कि इतने बड़े आकार की गांठ का पहला मामला है। जिसे जाइंट कोलीडोकल सिस्ट के नाम से जानते हैं। ऐसे मामले को अंतरराष्ट्रीय जनरल में प्रकाशित होने के लिए भेजा है। -डॉ.अशोक गुप्ता, अधीक्षक, जेके लोन