April 20, 2024

राष्ट्रीय एकता कायम रखने में युवाओं की अहम भूमिका : एच.एस मलिक

Faridabad/Alive News : एनएच तीन स्थित डीएवी शताब्दी कॉलेज में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौहपुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर एक सप्ताह तक चले कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल डॉ.सतीश आहूजा ने की। छात्रों की हौसला अफजाई के लिए मुख्यातिथि के रूप में सी.डब्ल्यू. सी के चेयरमैन एच.एस.मलिक उपस्थित थे।

सी.डब्ल्यू. सी के चेयरमैन एच.एस. मलिक कहा कि राष्ट्रीय एकता व अखंडता को बनाए रखने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है, युवा ही देश का भविष्य है। सामाजिक कार्यों व देश के प्रति युवाओं को संवेदनशील होना चाहिए। जब सामाजिक कार्य से जुड़ाव होगा, तभी सभ्य समाज का निर्माण होगा।

युवाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास होगा। इससे ही जीवन में सकारात्मकता आती है। इस तरह के प्रतियोगी परीक्षाओं से देश की विविधता, संस्कृति व सभ्यता की भी जानकारी मिलती है। कॉलेज के प्रिंसिपल सतीश आहूजा ने कहा कि बदलते आधुनिक परिवेश में युवाओं की जिम्मेवारी भी बढ़ गई है। नैतिक रूप से मजबूत होने के साथ सभ्य समाज के निर्माण के लिए उदाहरण पेश करना है। लौहपुरूष सरदार पटेल जैसे शख्सियतों के कृतित्व व व्यक्तित्व को जीवन में उतारने की जरूरत है। इससे संपूर्ण व्यक्तित्व का विकास होता है। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर मुकेश बंसल ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन् करने वाले पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।